राधाकृष्ण मंदिर में जलाभिषेक एवं गणेश पूजन का आयोजन, कार्यकर्ताओं ने जताया उत्साह
मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल द्वारा राधाकृष्ण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं देश के सफल नेतृत्व की कामना करते हुए विशेष गणेश पूजन किया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व और उपलब्धियों का किया स्मरण
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, विश्वास और सुशासन का काल बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ देश की सुरक्षा, समृद्धि और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
देश की सुरक्षा और विकास के लिए की प्रार्थना
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई, ताकि वे इसी प्रकार देश का मार्गदर्शन करते रहें और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
विश्व मंच पर भारत की बढ़ी प्रतिष्ठा
भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने विकास और विश्वास की राजनीति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए यह संकल्प लिया कि राष्ट्र निर्माण के कार्यों में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
पूजन कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महामंत्री नरेंद्र मेलवान, मदनमोहन शर्मा, विजय बिंदवाल, राकेश अग्रवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, राकेश ठाकुर, कमला थपलियाल, अनीता धनाई, रमेश खंडूरी, कुशाल राणा, सतीश ढौडियाल, अमित भट्ट, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।