टिकट के लिए योग्य और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता : महेंद्र भट्ट

टिकट के लिए योग्य और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता : महेंद्र भट्ट
विधानसभा टिकट की दावेदारी सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर जताना अनुशासनहीनता, उचित फोरम पर रखें अपनी बात

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में विधानसभा टिकट सहित किसी भी जिम्मेदारी के लिए योग्य, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और लोकतांत्रिक संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया और मंच का पालन करना आवश्यक है।

सार्वजनिक बयानबाजी से नेतृत्व नाराज

महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल के दिनों में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से मीडिया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट की दावेदारी सामने आ रही है। इस प्रकार की बयानबाजी को लेकर राज्य से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक नाराजगी व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह देते हुए कहा कि यदि किसी की टिकट को लेकर कोई इच्छा, दावेदारी या सुझाव है, तो उसे संगठन के समक्ष आंतरिक रूप से उचित समय और निर्धारित फोरम पर रखा जाना चाहिए।

भाजपा की कार्यशैली अनुशासन और संगठन पर आधारित

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचारों और सिद्धांतों पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। इसकी सफलता का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम” की भावना है। यही विचारधारा पार्टी को निरंतर मजबूत बनाती है और कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसका प्रकटीकरण पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही होना चाहिए। इससे अलग किसी भी प्रकार की गतिविधि को अनुशासनहीनता माना जाएगा।

मेरिट और संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर होगा निर्णय

महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करता है और समय आने पर केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में योग्यता, समर्पण और संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर टिकट वितरण का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्तिगत प्रचार या दबाव की राजनीति का कोई स्थान नहीं है।

अनुशासनहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई पार्टी अनुशासन के विरुद्ध कार्य करता है, तो संगठन उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करना होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *