देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट कैंटीन से ढाबों तक छापेमारी; कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

देहरादून। आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और जांच अभियान को तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र के साथ ही नेहरू कॉलोनी, ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी, भानियावाला और विकासनगर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान खाद्य लाइसेंस, पेयजल की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और साफ-सफाई की व्यवस्था की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने के मामलों में चालान की कार्रवाई भी की गई।

कोर्ट परिसर की कैंटीन में जरूरी दस्तावेज नहीं मिले

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह के नेतृत्व में कोर्ट परिसर स्थित खाद्य कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर खाद्य लाइसेंस, पेयजल की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।

इस पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नेहरू कॉलोनी में ढाबों पर चालान, अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस

कोर्ट कैंटीन के निरीक्षण के बाद विभागीय टीम ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां स्वाद पंजाब ढाबा और अंगीठी मोमोज में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की गई।

वहीं, नेगी जी कुरकुरे हाट और अंगीठी बाय गौरव में पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। विभाग ने इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मिठाई की दुकानों को निर्माण और एक्सपायरी तिथि लिखने के निर्देश

निरीक्षण अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। राहुल स्वीट्स, चंचल स्वीट्स और आहूजा स्वीट्स को मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए।

विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उनके उपयोग की अवधि की जानकारी मिल सकेगी। साथ ही खाद्य पदार्थों की बिक्री में पारदर्शिता बनी रहेगी और उपभोक्ता बेहतर जानकारी के आधार पर खरीदारी कर सकेंगे।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में सख्ती बढ़ा दी है। नोटिस जारी किए गए संबंधित कारोबारियों को अगले आदेश तक खाद्य पदार्थों का निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ऋषिकेश, डोईवाला और भानियावाला में भी जांच अभियान

इसी अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह ने भानियावाला, रानीपोखरी, डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में मिठाई की दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन करना कारोबारियों की जिम्मेदारी है।

पनीर, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में अधोमानक

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच भी कराई जा रही है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, देहरादून मनीष सयाना के अनुसार, जांच में पनीर लूज (आईटी पार्क), पनीर लूज (विकासनगर), गाय का दूध (सीमाद्वार), सिंघाड़े का आटा और नट फ्लोर (नेहरू कॉलोनी) के नमूने अधोमानक पाए गए।

इन मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 46(4) के तहत नोटिस भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच से गुणवत्ता संबंधी कमियों का पता लगाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह और विकासनगर के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।

सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाना तथा आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *