देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को इस बार और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित, स्वच्छ तथा श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के लिए सख्त एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यावसायिक लाभ से ऊपर मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी जिम्मेदारी: CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड की आत्मा हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा और संतोष हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। गुरुवार को सचिवालय के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में चारधाम यात्रा-2026 की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने यह बात कही।
ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा को और प्रभावी बनाएं
- प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मार्गों पर पर्याप्त कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएं।
- प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त निगरानी और नियंत्रण रखा जाए।
- भ्रामक अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
- स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं को जोड़कर यात्रा को जन-आंदोलन का रूप दिया जाए।
हेलीकॉप्टर सेवाओं पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को लेकर विशेष चेतावनी देते हुए कहा कि व्यावसायिक दृष्टिकोण की बजाय मानवीय संवेदनशीलता रखी जाए।
- सभी हेलीकॉप्टरों की नियमित मेंटेनेंस और फिटनेस जांच अनिवार्य।
- ओवरलोडिंग बिल्कुल न हो।
- निर्धारित उड़ानों के बीच पर्याप्त विश्राम अवधि सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं
- यात्रा मार्गों पर पर्याप्त मेडिकल यूनिट्स और अस्थायी अस्पताल स्थापित किए जाएं।
- पशु चिकित्सालयों की संख्या बढ़ाई जाए।
- स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विश्राम स्थलों (शेल्टर) का व्यापक विस्तार किया जाए।
- दर्शन के लिए लंबी कतार न हो, इसके लिए स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को मजबूत किया जाए।
आपूर्ति और ट्रैफिक प्रबंधन
- गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक सामग्री की कोई कमी न हो।
- जिला पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए और नोडल अधिकारी नियुक्त कर दैनिक मॉनिटरिंग की जाए।
- ट्रैफिक जाम की स्थिति बिल्कुल न बने, प्रभावी ट्रैफिक प्लान बनाया जाए।
- स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रबंधन किया जाए।
सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और मॉनिटरिंग
- पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें।
- संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा और निरंतर कंट्रोल रूम मॉनिटरिंग।
- मौसम आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम को और सशक्त बनाया जाए।
- संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में पूर्व तैयारी और संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
- SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन के बीच 24×7 समन्वय रखा जाए।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अन्य निर्देश
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को और सरल एवं सुगम बनाया जाए।
- भीड़ वाले केंद्रों पर अतिरिक्त बूथ लगाए जाएं।
- सड़कों पर गड्ढे तुरंत भरे जाएं।
- दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाई जाए और ओवरचार्जिंग पर सख्ती बरती जाए।
- पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेकर सुधार तुरंत लागू किए जाएं।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी: कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज (वर्चुअल), मुख्य सचिव आनंद बर्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, विधायकगण और संबंधित जिलाधिकारी।